मिशन गांव चलो अभियान के तहत पंचायत व बूथ कमेटियों का गठन आज
सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के चार ग्रामों में कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे संगठन मजबूती के निर्देश
महासमुंद। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “मिशन गांव चलो अभियान” के तहत जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ग्राम स्तर पर संगठन को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में पंचायत एवं बूथ कमेटियों का गठन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव तथा सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद शामिल होंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राम बलौदा में दोपहर 12 बजे, अमेलडीह में 12:30 बजे, खोखेपुर में 01 बजे तथा सिरबोड़ा में 01:30 बजे कमेटियों का गठन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान दोनों जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठन को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। साथ ही जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी ने सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और संगठन सृजन अभियान को मजबूती प्रदान करें।
