जलकी में गूंजा भक्ति रस, मानस गान सम्मेलन में शामिल हुए नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू

महासमुंद। ग्राम जलकी में आयोजित मानस गान सम्मेलन भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने श्रीराम का चित्र और श्रीफल भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत व सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से गांव का वातावरण शुद्ध और सकारात्मक बनता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का छत्तीसगढ़ से गहरा नाता रहा है, यह उनका ननिहाल माना जाता है। वनवास काल का अधिकांश समय भी प्रभु श्रीराम ने दंडकारण्य क्षेत्र में व्यतीत किया था। छत्तीसगढ़ में उनके आगमन के कई प्रमाण मिलते हैं, जिससे हम सभी अपने आप को सौभाग्यशाली मान सकते हैं। सम्मेलन में विभिन्न मानस मंडलियों द्वारा श्रीरामचरितमानस की संगीतमय प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं मानस मंडलियों के सदस्य उपस्थित रहे।