नवकिरण अकादमी में मेगा टेस्ट-03 सफलतापूर्वक आयोजित, अंतिम टेस्ट 12 अप्रैल को
महासमुंद। मंडी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए नवकिरण अकादमी में आयोजित टेस्ट सीरीज के तहत रविवार को तीसरे मेगा टेस्ट (मेगा टेस्ट-03) का सफल आयोजन किया गया। इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अकादमी के विद्यार्थियों के साथ-साथ बाहरी पंजीकृत अभ्यर्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अकादमी के जिला समन्वयक डी. बसंत साव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह टेस्ट संपूर्ण सिलेबस पर आधारित था, जिसमें कुल 100 अंकों के 100 प्रश्न पूछे गए। प्रश्नपत्र में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, रीजनिंग, भारत का इतिहास, भूगोल, संविधान, अर्थव्यवस्था, सामान्य विज्ञान, समसामयिक घटनाएं, छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान एवं कंप्यूटर जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया।
उन्होंने बताया कि इस टेस्ट सीरीज का उद्देश्य अभ्यर्थियों को वास्तविक परीक्षा का अनुभव प्रदान करना और उनकी तैयारी का स्तर आंकना है।
साव ने आगे जानकारी दी कि टेस्ट सीरीज का चौथा एवं अंतिम मेगा टेस्ट (मेगा टेस्ट-04) आगामी 12 अप्रैल 2026, रविवार को आयोजित किया जाएगा, जो एक बार फिर संपूर्ण सिलेबस पर आधारित होगा। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने का आह्वान किया।
