1432 किलो अफीम पोस्त डोडा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा जब्त किया है। इस मामले में हरियाणा निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक पिकअप वाहन में अफीम पोस्त डोडा लेकर ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ की तरफ तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद संदिग्ध पिकअप (क्रमांक एच आर 46 एफ 4848) को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन में रखी बोरियों से 1432 किलो अफीम पोस्त डोडा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन (कीमत 10 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन (कीमत 20 हजार रुपये) भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के करनाल निवासी हरविंदर सिंह (40) और सत्यवान वाल्मीकि (40) के रूप में हुई है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे यह अवैध मादक पदार्थ झारखंड के गुमला से रायपुर ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।