सिकल सेल मरीजों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, गंभीर रोगियों की हुई जांच
एचएलए टाइपिंग टेस्ट के जरिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट हेतु डोनर पहचान की दिशा में पहल
महासमुंद। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के निर्देशन में रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में सिकल सेल उन्मूलन मिशन के तहत एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बाल आयुष फाउंडेशन, बैंगलोर के सहयोग से संपन्न हुआ।
शिविर में जिले के चिन्हित गंभीर सिकल सेल मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेष रूप से ऐसे मरीजों को प्राथमिकता दी गई जिन्हें बार-बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन की आवश्यकता पड़ती है। इन मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श के साथ आवश्यक उपचार सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
इस दौरान मरीजों के साथ उनके परिजनों की भी जांच की गई और उनका एचएलए टाइपिंग टेस्ट किया गया। यह जांच भविष्य में बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए उपयुक्त डोनर की पहचान करने में सहायक होगी।
सीएमएचओ डॉ. नागेश्वर राव ने कहा कि सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारी के प्रभावी नियंत्रण के लिए समय पर जांच और उचित उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के विशेष शिविरों के माध्यम से मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सक्रिय भागीदारी रही।
