कलेक्टर ने जिले की होनहार खिलाड़ी निकिता ठाकुर को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में बालोद जिले की निकिता ने भारोत्तोलन में जीता स्वर्ण पदक
बालोद, 29 मार्च 2026/ कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने ’खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ में स्वर्ण पदक जीतने का गौरव हासिल करने वाली जिले की होनहार खिलाड़ी कुमारी निकिता ठाकुर की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर भूरी-भूरी प्रसन्न्ता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उल्लेखनीय है कि बालोद जिले की होनहार बेटी निकिता ठाकुर ने ’खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ में स्वर्णिम सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। निकिता ने महिला 77 किलोग्राम भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) स्पर्धा में कुल 160 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। निकिता एवं जिले के अन्य खिलाड़ियों के निरंतर उपलब्धि से जिले की खेल प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। निकिता की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। निकिता की सफलता की सराहना करते हुए कलेक्टर श्रीमती दिव्या मिश्रा ने कहा कि निकिता ने अपने कड़े परिश्रम, समर्पण और अटूट दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने इस जीत को पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि निकिता ठाकुर की यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हैं। उनका संघर्ष यह साबित करता है कि यदि मेहनत सही दिशा में हो और मार्गदर्शन उचित मिले, तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं है।
उल्लेखनीय है कि आदिवासी विकासखंड डौंडी के ग्राम भर्रीटोला-36 की निकिता पिछले तीन वर्षों से वेटलिफ्टिंग का अभ्यास कर रही हैं। दल्लीराजहरा में कोच अनिता शिंदे के मार्गदर्शन में उन्होंने अपनी तकनीक को बेहतर बनाया। निकिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग और अपनी कोच की प्रेरणा को दिया है।