जनगणना कार्य के प्रथम चरण हेतु 3 दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ, फील्ड ट्रेनर्स को किया जा रहा प्रशिक्षित
उत्तर बस्तर कांकेर, 27 मार्च 2026/ जनगणना निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार मुख्य जिला जनगणना अधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में जिले में जनगणना कार्य के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे की उपस्थिति में किया गया। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना के प्रथम चरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जा रही हैं। जिले से चयनित 32 फील्ड ट्रेनर्स को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स सहायक प्राध्यापक एन. आर. साव एवं डॉ. विजय कुमार रामटेके द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण आज से प्रारंभ होकर 29 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के प्रथम चरण की प्रक्रिया, डेटा संकलन, प्रपत्रों का सही संधारण तथा तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, जिससे जनगणना कार्य को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न किया जा सके।
