महामाया मंदिर में 29 से श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह

महासमुंद। महामाया मंदिर में 29 मार्च से 6 अप्रैल तक भव्य श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ आयोजित है। यह धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, ज्ञान और आध्यात्मिक ऊर्जा का संगम बनेगा। कथा वाचन प्रख्यात प्रवचनकर्ता पं. मिथिलेश कुमार तिवारी (डूमरपाली) द्वारा किया जाएगा, वहीं परीक्षित के रूप में दिनकर राव अंबिलकर व गीता अंबिलकर कथा श्रवण करेंगे। आयोजन को सफल बनाने में अमरनाथ गायत्री साहू, अंजलि साहू व जानू सेवती साहू का विशेष सहयोग रहेगा।
प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से कथा प्रारंभ होगी। कार्यक्रम की शुरूआत 29 मार्च को भव्य कलश यात्रा, वेदी पूजन एवं गौकर्ण कथा के साथ होगी। पश्चात कथा क्रम में 30 मार्च को सृष्टि वर्णन, 31 मार्च को सती चरित्र एवं कपिल अवतार, 1 अप्रैल को जड़ भरत कथा, 2 अप्रैल को श्रीराम एवं श्री कृष्ण जन्म, 3 अप्रैल को बाल लीलाएं, कालिया मर्दन एवं रुक्मणी विवाह, 4 अप्रैल को द्वारिका लीला एवं सुदामा चरित्र, 5 अप्रैल को परीक्षित मोक्ष, तुलसी वर्षा व शोभायात्रा तथा 6 अप्रैल को गीता प्रवचन, हवन, कपिला तर्पण एवं सहस्त्रधारा के साथ समापन होगा।