जनगणना 2027: फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न, पहले चरण की तैयारियां तेज

सारंगढ़ बिलाईगढ़ 26 मार्च 2026/भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिले के 26 फील्ड ट्रेनरी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण जिला पंचायत कार्यालय सारंगढ़ में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ संजय कन्नौजे जिला जनगणना अधिकारी उमेश कुमार माहू, अतिरिक्त जनगणना अधिकारी संजय टोप्पो एवं जनगणना निदेशालय से जिले के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी शेष प्रसाद पंडा प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित रहे।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने इस अवसर पर कहा कि, जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपन्न किया जाना है, पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जो कि जिले में 01 मई से 30 मई 2026 के बीच पूरा किया जाएगा। द्वितीय चरण का कार्य अर्थात जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में किया जायेगा। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम में की जाएगी। इस महत्वपूर्ण कार्य को जिले के 1500 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों द्वारा घर-घर जाकर संपादित करेंगे।
जिला स्तर पर आयोजित इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर सह व्याख्याता भरत लाल देवांगन और भगवान प्रसाद बसंत ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की विस्तृत प्रक्रिया, डेटा संग्रहण के तरीके, तकनीकी उपयोग तथा सर्वेक्षण से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया है कि जनगणना के प्रथम चरण में कुल 34 प्रश्नों के माध्यम से मकानों से संबंधित विभिन्न जानकारियां एकत्रित की जाएगी। इसमें मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री, उपलब्ध सुविधाएं जैसे टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन आदि के साथ-साथ अन्य आधारभूत जानकारी शामिल रहेगी।
जनगणना की एकत्रित जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल शासकीय योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में किया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्र के प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिसके बाद वे निर्धारित अवधि में घर जाकर जानकारी संकलित करेंगे। आगामी वर्ष फरवरी 2027 में जनगणना का दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनसंख्या से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।