बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर, जिला कांग्रेस की बैठक संपन्न
महासमुंद। संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने संगठन विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों सहित सभी जिम्मेदार कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में तेजी से कमेटियों के गठन की प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है।
बैठक में विशेष रूप से उपस्थित जिला प्रभारी हितेंद्र ठाकुर (पूर्व जिलाध्यक्ष, बलौदाबाजार) ने जानकारी दी कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में ‘संगठन सृजन अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेशभर में कमेटियों के गठन की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने निर्देशित किया कि बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर सर्वसम्मति से पारदर्शी और ईमानदार तरीके से कमेटियों का गठन सुनिश्चित किया जाए। उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने महासमुंद जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर कमेटी गठन की प्रगति की समीक्षा की थी, जिससे इस अभियान की गंभीरता स्पष्ट होती है।
पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कमेटी गठन को पूरी गंभीरता से लिया जाना चाहिए, क्योंकि यही संगठनात्मक संरचना आगामी चुनावों में जीत का आधार बनेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि उन्हें सौंपी गई हर जिम्मेदारी का वे निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे। बैठक का संचालन मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला ने किया।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, जिला कोषाध्यक्ष निर्मल जैन, ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज सिन्हा, देवनाथ साहू, श्रीमती अन्नू चंद्राकर, करण दीवान, दाऊलाल चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, अमर चंद्राकर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनम बंसोड़, दिव्येश चंद्राकर, जसबीर ढिल्लो, पार्षद मुस्ताक खान विक्की, ढेलू निषाद, अमन चंद्राकर, राजू साहू, बसंत चंद्राकर, तुलसी साहू, हर्षित चंद्राकर, इमरान कुरैशी, छन्नू साहू सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
