ई-चालान व्यवस्था लागू: 1 अप्रैल 2026 से भौतिक चालान पूरी तरह बंद
OTC सुविधा से ही जमा होगी राशि
बेमेतरा 22 मार्च 2026/- राज्य शासन के निर्देशानुसार 1 अप्रैल 2026 से भौतिक चालानों का प्रचलन पूरी तरह समाप्त किया जा रहा है। इसके स्थान पर अब सभी विभागों में केवल ऑनलाइन माध्यम से ही चालान जमा किए जाएंगे। इसी को सरल और व्यवस्थित बनाने के लिए ओटीसी (ओवर द काउंटर) सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस संबंध में जिला कोषालय बेमेतरा द्वारा सभी विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जिला कोषालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी विभागाध्यक्ष अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित करेंगे कि अब चालान केवल ओटीसी (ओवर द काउंटर ) के माध्यम से ही जनरेट किए जाएं। साथ ही कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को भी इस नई व्यवस्था की जानकारी देने के लिए कहा गया है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नई व्यवस्था के तहत ई‑चालान पोर्टल पर चालान भरते समय उसका डेटा सीधे बैंक को ऑनलाइन ट्रांसफर हो जाएगा। इससे बैंक स्तर पर दोबारा डेटा एंट्री करने की आवश्यकता नहीं रहेगी और समय की बचत होगी। बैंक काउंटर पर अब केवल ऑनलाइन जनरेट किया गया चालान, जिसमें ट्रेज़री रिफरेन्स नंबर (टीआरएन) दर्ज होगा, उसी के आधार पर राशि जमा की जाएगी। इसके बाद बैंक द्वारा संबंधित जानकारी एमआईएस के माध्यम से कोषालय को ऑनलाइन भेज दी जाएगी। जिला कोषालय बेमेतरा के अनुसार इस नई व्यवस्था से डेटा एंट्री में होने वाली त्रुटियों में कमी आएगी तथा लेखांकन कार्य अधिक पारदर्शी और सटीक होगा। साथ ही जमाकर्ता ई‑चालान पोर्टल के “सर्च चालान” विकल्प के माध्यम से अपने चालान का प्रिंट भी आसानी से निकाल सकेंगे, जो पहले भौतिक चालान में संभव नहीं था। बेमेतरा जिला कोषालय कार्यालय ने सभी विभागों से अपील की है कि वे कर्मचारियों एवं आमजनों को इस नई ऑनलाइन व्यवस्था के बारे में अवगत कराएं और यदि किसी को प्रक्रिया में समस्या आती है तो सीधे जिला कोषालय बेमेतरा से संपर्क कर सकते हैं।
