दिल्ली के आंदोलन में शामिल होंगे जिले के सैकड़ों शिक्षक

महासमुंद। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 अप्रैल को दिल्ली में होने वाले आंदोलन में जिले के पांचों ब्लॉक से सैंकड़ों शिक्षक शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर ने की। बैठक में उपस्थित सभी ब्लॉक अध्यक्षों को आगामी 31 मार्च तक संगठन का सदस्यता अभियान पूरा करने का लक्ष्य दिया गया। इस बार सदस्यता अभियान में जिले के सहायक शिक्षकों, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठकों, शिक्षकों एवं व्याख्याताओं को भी संगठन की मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा। साथ ही बताया गया कि इस बार डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हुए सदस्यता फॉर्म आॅनलाइन भी संधारित कराना है। जिला अध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारियों की महती जवाबदारी है कि वे प्रत्येक स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर शिक्षकों संबंधी समस्या का तत्परता से निराकरण के लिए चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सिराज बक्श ने कहा छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन अपने साथियों के अधिकार के लिए लगातार संघर्ष करता आ रहा है। आगामी समय भी शिक्षकों के अधिकार की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा। प्रदेश महासचिव आदित्य गौरव साहू ने कहा कि फेडरेशन को रचनात्मक कार्य करने वाले नवाचारी शिक्षकों का मनोबल बढ़ाने के लिए विविध आयोजनों के माध्यमों से उनके मनोबल को मजबूत करने के लिए बेहतर प्रयास करना होगा। बैठक को दिनेश नायक, बीपी मेश्राम, महेंद्र बघेल, बाबूलाल ध्रुव, प्रकाश बघेल बागबाहरा ने भी संबोधित किया। बैठक में उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर , महामंत्री विजय राजपूत, प्रवक्ता गोपाल साहू, संयुक्त सचिव भूपेंद्र दीवान आदि मौजूद रहे।