चेटीचंड जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़ा जनसैलाब

महासमुंद। चेटीचंड जयंती के पावन अवसर पर महासमुंद में सिंधी समाज के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
शोभायात्रा में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना के संस्थापक अशवंत तुषार साहू भी शामिल हुए। उनके साथ बड़ी संख्या में समाज के लोग, महिलाएं, युवा और बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस दौरान अशवंत तुषार साहू ने सिंधी समाज के लोगों को चेटीचंड जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान झूलेलाल से देश और प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और शांति की कामना की।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, भजन- कीर्तन और पारंपरिक वेशभूषा ने सभी का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया, जिससे आयोजन और भी भव्य बन गया।