कोमाखान पुलिस की चेकिंग में होंडा कार से 75 लाख रुपये कैश जब्त, दो व्यक्ति पकड़े गए
महासमुंद। जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक होंडा कार से बड़ी मात्रा में नगदी बरामद की है। कार में सवार दो व्यक्तियों के पास से 75 लाख रुपये नकद मिलने पर पुलिस ने कार, मोबाइल और नगदी समेत कुल 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2026 को टेमरी नाका में वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान खरियार रोड (ओडिशा) की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा कार क्रमांक OD 05 PB 2122 को रोककर जांच की गई। कार चालक ने अपना नाम राजेन्द्र महानंद (27) निवासी मुंडापला थाना बेलपला जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया, जबकि उसके बगल में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47) निवासी वार्ड 02 डेली मार्केट कांटाबांजी जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया।
जांच के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे नीले रंग के बैग की तलाशी लेने पर उसमें 500-500 रुपये के नोटों के 150 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल में 100 नोट थे। इस तरह कुल 75 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में महाप्रज्ञ जैन ने बताया कि यह रकम सोना-चांदी के व्यापार से संबंधित है, जिसे कांटाबांजी से रायपुर स्थित मनोहर मका एंड कंपनी और 60 ज्वेलर्स को देने के लिए ले जाया जा रहा था। हालांकि पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएस के तहत नोटिस दिया गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपये नकद, एक होंडा कार (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) और एक मोबाइल (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 85 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
