पौष्टिक मिलेट बार से कुपोषित बच्चे होंगे सुपोषित

जिले के लक्षित 14 हजार 172 कुपोषित बच्चों को दिया जा रहा अतिरिक्त पौष्टिक आहार मिलेट बार
मिलेट बार फाइबर, प्रोटीन, आयरन एवं एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर
महासमुंद 13 मार्च 2026/ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में कुपोषण के रोकथाम के लिए जिले के आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से 6 माह से 6 वर्ष तक के लक्षित 14 हजार 172 कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त पौष्टिक आहार के रूप में मिलेट बार प्रदाय किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास टिक्वेन्द्र जटवार ने बताया कि कुपोषित बच्चों के सही विकास एवं कुपोषण के रोकथाम के लिए उच्च प्रोटीन युक्त आहार अतिआवश्यक है। इस उद््देश्य से लक्षित कुपोषित बच्चों को आंगनवाड़ी केन्द्रों में सप्ताह में 6 दिवस सोमवार से शनिवार तक माह में कुल 26 दिवस प्रति हितग्राही प्रति दिवस 20 ग्राम मिलेट बार प्रदाय किया जा रहा है। मिलेट बार फाइबर, प्रोटीन, आयरन एवं एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर होते है, जो बच्चों के पोषण स्तर को सुधारने में सहायक है।
उन्होने बताया कि बच्चे की आयु 6 माह पूर्ण होने के पश्चात बच्चों को सही उपरी आहार प्राप्त नहीं होने पर उनके पोषण एवं विकास पर प्रभाव पड़ता है, जिससे वह कुपोषण का शिकार हो जाता है। कुपोषण के रोकथाम के लिए आवश्यक है कि बच्चे की प्रारंभिक अवस्था में उचित पोषण आहार सही मात्रा में प्राप्त हो, जिससे उसका संतुलित शारीरिक एवं मानसिक विकास हो सके। वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित पूरक पोषण आहार कार्यक्रम के माध्यम से 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को आंगनवाड़ी केन्द्रों में पौष्टिक गर्म भोजन का वितरण किया जा रहा है।