2 परामर्शदाताओं की भर्ती के लिए 1 अप्रैल तक आवेदन

महासमुंद 13 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ कुटुम्ब न्यायालय नियम 2007 के अधीन कुटुम्ब न्यायालय महासमुन्द (लिंक कोर्ट सरायपाली) में 02 परामर्शदाताओं की भर्ती की जाएगी। इसके लिए इच्छुक स्थानीय नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय महासमुंद ने बताया कि चयनित परामर्शदाताओं को राज्य शासन द्वारा प्रति मामले 500 रुपये मानदेय प्रदान किया जाएगा। एक दिन में अधिकतम 1500 रुपये तक मानदेय देय होगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन 01 अप्रैल 2026 को शाम 05ः00 बजे तक कार्यालय न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय महासमुन्द, जिला महासमुन्द (छत्तीसगढ़) में जमा कर सकते हैं। आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से या कार्यालयीन समय में सीधे बंद लिफाफे में प्रस्तुत किया जा सकता है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी एवं आवेदन पत्र का प्रारूप जिला न्यायालय महासमुंद की वेबसाइट https://mahasamunddcourts.gov.in पर उपलब्ध है।