महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल
महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर समाज के विकास में निभा रही महत्वपूर्ण भूमिका
मोहला, 8 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर में आयोजित ‘वृहद महतारी वंदन सम्मेलन’ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने एक क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 68 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में महतारी वंदन योजना की 25 वीं किस्त की राशि सीधे अंतरित की। इसमें जिले की महिलाएं भी शामिल रहीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मुख्यालय मोहला सहित जिले के सभी विकासखंडों में वृहद महतारी सम्मेलन एवं महिला क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मिनी स्टेडियम मोहला में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर तथा अन्य महिला अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने कहा कि शासन द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिलाओं को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आर्थिक रूप से मजबूत बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति हैं और उनके सशक्त होने से ही समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती हैं और अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन सकती हैं।
आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना के अंतर्गत दस पात्र महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सुनीता बघेल को गोठान कार्य, मिर्च-धनिया पिसाई एवं मछली पालन के लिए 2 लाख रुपए, देवकी परतेती को पत्तल व्यवसाय के लिए 2 लाख रुपए, भानवती बाई को बकरी पालन के लिए 1 लाख रुपए, उषा बाई को बकरी पालन के लिए 1 लाख रुपए, शम्मीवानी को ईंट निर्माण के लिए 50 हजार रुपए, रेवती बाई को ईंट निर्माण के लिए 1 लाख रुपए, मान बाई को किराना स्टोर संचालन के लिए 50 हजार रुपए, बारोबाई को ईंट निर्माण के लिए 50 हजार रुपए, चंदरबाई को ईंट निर्माण के लिए 1 लाख रुपए तथा उजारोबाई को बकरी पालन के लिए 1 लाख रुपए की राशि के चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहला श्रीमती गैंदकुंवर ठाकुर, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।
– महिलाओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
इस अवसर पर महिलाओं के लिए विभिन्न खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कुर्सी दौड़, प्रश्नोत्तरी, खो-खो, कबड्डी, दौड़, वॉलीबॉल, मटका फोड़, बाल्टी-बॉल तथा रस्साकशी शामिल रहे। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। महिला सम्मेलन के दौरान विभिन्न विभागों एवं महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया, जहां महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच कराई और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।
बिहान महिला समूह द्वारा दोना-पत्तल एवं अन्य सामग्रियों का स्टॉल लगाया गया। वहीं वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा बांस से निर्मित शिल्पकलाओं का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में चित्रकला प्रदर्शनी तथा माधुरी कोरामे द्वारा ओडिसी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति भी दी गई।
– उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं एवं महिला अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जिले की हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की छात्राओं को परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर चेक राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अधिकारी-कर्मचारियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त जिले के महिला स्व-सहायता समूहों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
– विकासखंड स्तर पर भी आयोजित हुए वृहद महतारी सम्मेलन
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विकासखंड स्तरीय वृहद महतारी सम्मेलन टाउनहॉल अंबागढ़ चौकी एवं मानपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति त्रिपुरे, जिला पंचायत सदस्य नेहरू रजक, जनपद पंचायत अध्यक्ष अंबागढ़ चौकी पूनऊ राम फूलकुंवर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष पवन, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. हेमेंद्र भू आर्य, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मोहला तथा विकासखंड के विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
