मासिक बैठक में मेंशन मजदूर संघ की कार्यों की नई दर का निर्धारण
महासमुंद। मेंशन मजदूर संघ तुमगांव शाखा की मासिक बैठक में अध्यक्ष राजेंद्र धीवर की अध्यक्षता में 1 मार्च को संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारी और सदस्यों के बीच आपसी सहमति से क्षेत्र में चल रहे कार्यों की नई दर का निर्धारण सर्वसम्मति से किया गया। संघ द्वारा निर्धारित कार्य दर के अनुसार ही सभी पेटी ठेकेदारों से कार्य करने की अपील करते हुए अध्यक्ष राजेंद्र धीवर, उपाध्यक्ष तिलक बंजारे, सचिव भोजराम सिन्हा ने कहा कि कार्य दर में समानता होने से किसी भी प्रकार के काम के लिए कोई वाद विवाद की स्थिति निर्मित नहीं होगी। सभी को कार्य में गुणवत्ता के साथ मजदूरों के भुगतान के प्रति सजग रहना होगा। मजदूर संघ सबके हित के लिए समर्पित संस्था है, जहां मकान निर्माता और निर्माणकर्ता के बीच आपसी सामंजस्य बनाकर कार्य पूर्ण हो, इसके लिए संस्था के पदाधिकारी और सदस्य भी जागरूक रहकर कार्य करते हैं।
