खाद्य सामग्रियों के नमूने भेजे गए

महासमुंद। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सघन जांच अभियान के तहत 28 फरवरी को महासमुंद, बागबाहरा एवं तुमगांव क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में दबिश देकर निरीक्षण एवं नमूना जांच की।
विभागीय टीम ने तेंदूकोना स्थित विजय किराना स्टोर्स से बेसन एवं मैदा के नमूने संकलित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा है। वहीं महासमुंद के भवानी मिष्ठान से कलाकंद, सेव, बूंदी लड्डू एवं पेड़ा के नमूने, तुमगांव स्थित शिवा होटल से मैदा, पनीर, बूंदी एवं कलाकंद के सर्विलांस नमूने भेजे। तुमगांव स्थित साईं होटल एवं ज्ञानी फैमिली ढाबा का भी सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संचालकों को साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग को लेकर कड़े निर्देश दिए गए। विभाग ने निर्देश दिया है कि त्योहारों के दौरान मिलावट करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और आम जनता को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।