कलेक्टर व एसपी ने ली बैठक, होली पर्व सहित विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा
कोण्डागांव, 03 मार्च 2026/ कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने होली पर्व तथा जिले के अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर जिला कार्यालय में बैठक ली। बैठक में सभी से होली पर्व सौहार्दपूर्ण, शालीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई। बैठक में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरपति पटेल सहित विभिन्न समाज के प्रमुख उपस्थित रहे।
कलेक्टर एवं एसपी ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी को जबरदस्ती रंग न लगाया जाए। मेडिकल स्टोर, अस्पताल एवं पेट्रोल पंप जैसी आपातकालीन सेवाओं के आसपास किसी प्रकार का हुड़दंग न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही शराब पीकर वाहन न चलाने, जबरदस्ती रंग न डालने, हुड़दंग न करने, महिलाओं और बच्चों से अभद्रता न करने और सड़क पर अवरोध या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट न करने, तेज आवाज में डीजे बजाकर शांति भंग न करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। उक्त बातों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही की बात कही गई। बैठक में यह बताया गया कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इस अवसर पर दीपेश अरोरा, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा उपस्थित रहे।
