दुर्गा मंदिर में ‘फागुन के रंग माता के संग’ का आयोजन आज
फूलों की होली और फाग गीतों की रहेगी धूम
महासमुंद। नगर के बरोंडा चौक स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा लगातार दूसरे वर्ष फागुन के रंग, माता के संग कार्यक्रम का आयोजन 2 मार्च की शाम 5 बजे से किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत फूलों की होली खेली जाएगी, जिसमें श्रद्धालु पुष्प वर्षा के साथ भक्ति भाव से मां दुर्गा के जयकारे लगाएंगे। इसके साथ ही पारंपरिक फाग गायन का भी आयोजन होगा, जिससे वातावरण पूरी तरह होलीमय और भक्तिमय बन जाएगा। भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु रंगों के इस पर्व को आध्यात्मिक स्वरूप में मनाएंगे। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान माता दुर्गा की विधि विधान से महाआरती की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति ने नगरवासियों से अधिकतम संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम का लाभ लेने का आग्रह किया गया है। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित हो रहा यह कार्यक्रम अब नगर की धार्मिक परंपरा का हिस्सा बनता जा रहा है। तैयारी बैठक में प्रमुख रूप से नगर पुरोहित पंकज तिवारी, हेमंत द्विवेदी, राजेश लूनिया, चोवाराम साहू, मनोज शर्मा, दाऊलाल चंद्राकर, सुरेंद्र मानिकपुरी, प्रदीप वर्मा, बाबूलाल साहू, गौरव चंद्राकर दिलीप जैन, राजेश नायक, संजय तिवारी, दीपक तिवारी, मोहन यादव, भूपेंद्र कन्नौजे, संतोष सहिस, मनीष शर्मा, दीपक मिश्रा, रितेश गोलछा, विक्रम ठाकुर, नरेश साहू, लालू यादव, नंदकुमार साहू, जितेंद्र साहू, पंकज चंद्राकर, रामेश्वर उपस्थित रहे।
