मतदाता सूची का प्रकाशन

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद 7,25,023 मतदाता सूची में दर्ज
बेमेतरा 21 फरवरी 2026/- आज कलेक्टरेट के दृष्टि सभाकक्ष मे अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जिला बेमेतरा में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत आज 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। चार माह तक चले इस अभियान के बाद जिले में कुल 7,25,023 मतदाता अंतिम सूची में दर्ज किए गए हैं। मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशन के पश्चात 8,388 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि (नेट एडिशन) दर्ज की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीप्ती वर्मा, सर्व एसडीएम सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे |
चार माह तक चला विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार 27 अक्टूबर 2025 से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ किया गया था। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं सत्यापन कार्य किया गया। जिले में कुल 870 बीएलओ ने 5,96,373 मतदाताओं के प्रपत्रों का मिलान एवं बीएलए के साथ समन्वय का कार्य पूर्ण किया। प्राप्त दावा-आपत्तियों की सुनवाई निर्धारित समय-सीमा में कर 14 फरवरी 2026 तक निराकरण सुनिश्चित किया गया।