शिक्षा दूत सम्मान मिलने पर स्कूल में हुआ शिक्षक सिराज का सम्मान
महासमुंद। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर शासकीय प्राथमिक शाला खट्टी के सहायक शिक्षक सिराज बक्श को मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण के तहत शिक्षा दूत सम्मान मिलने पर शासकीय कन्या एवं प्राथमिक शाला खट्टी के शिक्षक स्टाफ, खट्टी सरपंच अनिता मोती मेहरा, पंच सावित्री साहू और विद्यार्थियों ने उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर सरपंच अनिता मोतीलाल मेहरा ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर बक्श का सम्मान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच ने कहा कि शिक्षा के लिए सदैव समर्पण भाव से कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मान मिलना गर्व की बात है। हर शिक्षक अपने आप में विशिष्ट होते हैं। हमारे गांव में शिक्षा का बेहतर माहौल तैयार करने में हमारे सभी शिक्षकों का महत्वर्ण योगदान रहता है। आने वाले समय में हमारे गांव के और भी शिक्षक को यह सम्मान जरूर मिलेगा। इस अवसर पर कन्या पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक भागवत जगत भूमिल ने कहा कि लगन और लगाव से कार्य करने वाले शिक्षकों को हर स्थान पर सम्मान मिलता है। हमारे शिक्षक ग्रामीण बच्चों के भविष्य को संवारने का कार्य पूरी निष्ठा से करते हैं। कार्यक्रम को संबोधित करने हुए प्राथमिक शाला खट्टी की प्रधान पाठिका लीना पांडे ने कहा कि सहायक शिक्षक सिराज बक्श को यह सम्मान मिला हमारी संस्था के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम को पंच सावित्री साहू, शिक्षक उमाशंकर चंद्राकर, भूपेंद्र चंद्राकर, त्रिवेणी चंद्राकर, सुनीता ध्रुव, अंजुम शेख, सुचिता लकरा, संगीता धुरंधर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सुनीता ध्रुव व आभार प्रदर्शन अंजुम शेख ने किया।
