प्रशिक्षित आत्मसमर्पित व बेरोजगार युवाओं के स्थायी नियोजन की दिशा में जिला प्रशासन की ठोस पहल

कलेक्टर के मार्गदर्शन में कौशल विकास योजनाओं का परिणामोन्मुख क्रियान्वयन
नारायणपुर, 06 फरवरी 2026// कलेक्टर नम्रता जैन के सतत् मार्गदर्शन के अनुरूप जिले में संचालित कौशल प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षणोपरांत नियोजन की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ एवं परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से बेरोजगार युवाओं तथा आत्मसमर्पित युवाओं को प्रदान किये गये प्रशिक्षण के पश्चात् रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से प्राप्त नियोजन की वास्तविक स्थिति का अनिवार्य भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा नियोजन प्रक्रिया में उत्पन्न हो रही समस्याओं के त्वरित, व्यावहारिक एवं प्रभावी निराकरण हेतु निर्देश जारी किये गये हैं।
कलेक्टर जैन के निर्देश में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज, नारायणपुर से प्रशिक्षित आत्मसमर्पित युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के विभिन्न माध्यमों से नियोजित किया गया है, जिनकी कार्यस्थल स्तर पर वास्तविक स्थिति का सत्यापन सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ सतत रूप से किया जा रहा है।
इसी क्रम में रोजगार अधिकारी सहायक संचालक एम.एल. अहिरवार एवं जिला कौशल विकास प्राधिकरण नारायणपुर द्वारा कलेक्टर जैन के निर्देशों का त्वरित पालन करते हुए नियोजित युवाओं के कार्य स्थलों तथा ग्राम सोनपुर, किहकाड़, कोहकामेटा, मुरनार एवं बेचा में स्वयं उपस्थित होकर भौतिक सत्यापन की कार्यवाही संपादित की गई है। शेष क्षेत्रों में भी सत्यापन की कार्यवाही निरंतर एवं चरणबद्ध रूप से जारी रखी जाएगी।
भौतिक सत्यापन के दौरान रोजगार अधिकारी अहिरवार द्वारा नियोजित युवाओं से उनके कार्य के स्वरूप एवं निरंतरता, कार्यस्थल की वर्तमान स्थिति, मासिक, दैनिक आय, स्वरोजगार गतिविधियों की प्रगति तथा भविष्य में आयवृद्धि की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत, तथ्यपरक एवं वस्तुनिष्ठ जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही प्रशिक्षण उपरांत नियोजन के दौरान युवाओं को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों, संसाधन एवं वित्तीय सीमाओं, तकनीकी सहयोग की आवश्यकता तथा बाजार से संबंधित चुनौतियों को सूचीबद्ध कर समेकित रूप से संकलित किया गया।
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षित एवं नियोजित युवाओं की समस्याओं के त्वरित, यथोचित एवं स्थायी समाधान हेतु आवश्यक विभागीय एवं संस्थागत कार्यवाही सुनिश्चित किये जाने का आश्वासन प्रदान किया गया, ताकि युवाओं का नियोजन स्थायी, सुदृढ़, आयवर्धक एवं सम्मानजनक बन सके तथा वे आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर अग्रसर रह सकें।
उक्त संपूर्ण कार्यवाही से यह स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है कि जिला प्रशासन नारायणपुर द्वारा कौशल विकास योजनाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए निर्देशों का समयबद्ध, संवेदनशील एवं परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसके फलस्वरूप आत्मसमर्पित एवं बेरोजगार युवाओं का सशक्त पुनर्वास, स्थायी आजीविका तथा सामाजिक मुख्यधारा में सम्मानजनक एवं सफल समावेशन सुनिश्चित किया जा रहा है।