परीक्षा पे चर्चा का हुआ जिला स्तरीय आयोजन

विद्यार्थियों में दिखा उत्साह और आत्मविश्वास
नारायणपुर, 06 फरवरी 2026// शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर में 06 फरवरी को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के 9वें संस्करण का नई दिल्ली से सीधा प्रसारण कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप मंण्डावी थे। कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन समन्वयक डी. बी. रावटे, जिला परियोजना अधिकारी (साक्षरता) एम. के. देहारी, प्राचार्य मनोज बागडे तथा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुदीप झा उपस्थित रहे। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विद्यार्थियों के साथ किए गए संवाद का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने माननीय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन को बडे़ ध्यान और एकाग्रता के साथ देखा-सुना। कार्यक्रम पश्चात् विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये बताया कि कार्यक्रम से उन्हें परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा तनावमुक्त होकर तैयारी करने की प्रेरणा मिली। इस आयोजन में नगरीय क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले विद्यालयों के विद्यार्थी और शिक्षक भी शामिल हुए। कार्यक्रम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। इसी के साथ जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी सीधा प्रसारण दिखाया एवं सुनाया गया।