कलेक्टर अमित कुमार ने एजुकेशन सिटी का निरीक्षण कर ली बच्चों की क्लास

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
सुकमा, 15 जनवरी 2026/ कलेक्टर अमित कुमार ने गुरुवार को एजुकेशन सिटी में पॉलिटेक्निक कॉलेज, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पावारास, क्षितिज कोचिंग (नीट-जेईई) सेंटर, एकलव्य उत्कृष्ट बालिका आवासीय विद्यालय, बालाटिकरा, केंद्रीय विद्यालय, सुकमा, डीएवी विद्यालय परिसर का व्यापक निरीक्षण किया तथा वहां संचालित शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद किया, कक्षाएं लीं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।कलेक्टर कुमार ने शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सुकमा पहुंचकर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मैकेनिकल शाखा के छात्रों से चर्चा कर उनकी पढ़ाई, प्रयोगशाला कार्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही पॉलिटेक्निक के पिछले परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए बेहतर अकादमिक प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर सुश्री मधु तेता, डीईओ जीआर मंडावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग हेमन्त सिंहा, एपीसी आशीष राम उपस्थित थे।
स्कूलों में चौमुखी विकास पर जोर
एजुकेशन सिटी स्थित विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर कुमार ने बच्चों के शैक्षणिक, मानसिक, शारीरिक और नैतिक विकास पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग और नवाचार आधारित शिक्षण पर जोर दिया।उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत बच्चों का शैक्षणिक उन्नयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण कर शिक्षण प्रक्रिया की गुणवत्ता देखी तथा बच्चों से उनकी दिनचर्या, पढ़ाई के तरीके और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने रसोई कक्ष का निरीक्षण किया और भोजन तैयार कर रही स्व-सहायता समूह की दीदियों से चर्चा कर स्वच्छता, गुणवत्ता और पोषण मानकों की जानकारी ली। साथ ही परिसर में चल रहे अतिरिक्त निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर करें मेहनत
नीट-जेईई की तैयारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क संचालित क्षितिज कोचिंग सेंटर का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर कुमार ने छात्रों को बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यहां बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध है, जिसका पूरा लाभ उठाएं। इस दौरान उन्होंने जेईई-नीट प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी के टिप्स दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए, नींव मजबूत रखने और नियमित अभ्यास पर जोर दिया। कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि पढ़ाई को रोचक बनाकर बच्चों को पढ़ाया जाए ताकि सीखने की प्रक्रिया आनंददायक बने और शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर कुमार ने शैक्षणिक संस्थानों में स्मार्ट बोर्ड, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक संसाधनों का उपलब्ध करने तथा इनके प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में आवश्यक मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्ट्रेट से एजुकेशन सिटी तक पेवर ब्लॉक पाथवे निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।