‘सजग प्रहरी के रूप में मीडिया कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका पर नजर रखता है’
पत्रकारिता का काम महज सूचना देना नहीं, बल्कि जनचेतना लाना है
महासमुंद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभाग के अध्यक्ष व इंदौर जोन के क्षेत्रीय निदेशक राजयोगी ब्रह्माकुमार ओमप्रकाश भाई की 10वीं पुण्य स्मृति दिवस पर उपकार भवन में ‘राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका’ विषय पर मीडिया परिसंवाद व पत्रकार सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के विभिन्न ब्लॉक से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार शामिल हुए।
कार्यक्रम में राजयोग शिक्षिका ब्रम्हा कुमारी तोमेश्वरी दीदी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। हर किसी की सोच और विचारधारा अलग होती है, लेकिन सजग और निष्पक्ष रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मीडियाकर्मी तथ्यों को प्रस्तुत करें, तथ्यों के आधार पर खबर बनाएं। ख्याल रखा जाना चाहिए कि इसका उपयोग व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के अहित में न हो। पत्रकारिता का काम महज सूचना देना नहीं, बल्कि जनचेतना लाना है। सहायक प्राध्यापक पीयूष तांडेय ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है, यह जनता को सूचित, शिक्षित और जागरूक कर, राष्ट्रीय पहचान और एकता को बढ़ावा देता है। सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों को उजागर कर सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करता है, और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका पर नजर रखता है, इससे विकास, मानवाधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय सुनिश्चित होता है। लेकिन इसके लिए जिम्मेदार और विश्वसनीय पत्रकारिता आवश्यक है, जो सनसनीखेज या पूर्वाग्रह से मुक्त हो। बीएड पार्वती शिक्षा महाविद्यालय अंबिकापुर की प्रोफेसर संध्या चंद्राकर ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। समाज और राष्ट्र के निर्माण में इसकी महती भूमिका है। सत्ता की कमी और अनियमितताओं को उजागर कर सही दिशा दिखाने की काम करती है। मीडिया को नकारात्मक के साथ सकारात्मक पहलू पर भी ध्यान देने की जरूरत है। पत्रकार का खबर सामाजिक अन्याय, भ्रष्टाचार और मानवाधिकारों के उल्लंघनों को उजागर करता है, जिससे जनता जवाबदेह बनती। कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष रत्नेश सोनी, नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सेवाकेंद्र संचालिका ब्रम्हा कुमारी प्रीती दीदी ने भी अपने विचार रखे। अंत में सभी ने ओम प्रकाश भाई जी को श्रद्धांजलि अर्पित किया।
