घर – घर में गाए जा रहें हैं यीशु के जन्म उत्सव के गीत
क्रिसमस की तैयारियाँ जोरों पर, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग गिरजाघर
महासमुंद। प्रभु यीशु मसीह के जन्म उत्सव क्रिसमस को लेकर मसीह समाज में जमकर उत्साह नजर आ रहा है। यह मसीह समाज के लिए सबसे महत्वपूर्ण दिन है। क्रिसमस की तैयारियाँ जोरों पर है। क्रिसमस पूर्व मसीह समाज द्वारा इन दिनों हर शाम से देर रात तक बच्चे, महिला, युवा और बुजुर्गों की टोली घर-घर जाकर कैरोल सिंगिंग की प्रस्तुति दी जा रही है।
बता दें कि हर 25 दिसंबर को मसीह समाज प्रभु यीशु (ईसा मसीह) का जन्मदिन धूमधाम से मनाता है। इसके लिए घरों में महीने पहले से तैयारी की जाती है। घरों में रंगाई-पुताई के बाद अब उन्हें रंग-बिरंगी झालरों व कागज के पताकाओं से सजाया जा रहा है। घरों के अलावा शहर के गिरिजाघर शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग होने लगे हैं। क्रिसमस डे को लेकर बाजार में दुकानों पर सांता क्लाज की ड्रेस, ट्री व सजावट के सामान की खूब बिक्री हो रही है।
बाजार में सेंटा म्यूजिकल में हिरन पर सवार सेंटा, ट्री, डांसिग सेंटा, ट्री एक फीट से लेकर आठ फीट तक व अन्य मेरी डेकोरेशन, सेंटा दाढ़ी, सेंटा कैप, सेंटा ड्रेस के अलावा मेरी बैनर स्टीकर, रंगी-बिरंगी लड़ियां, सेंटा हेंगिग बाल, सेंटा बेल, सेंटा स्टार की खरीदारी हो रही है। बाजार में दुकानों पर गिफ्ट आइटमों के साथ केक ऑर्डर अभी से बुक होने लगे हैं।
घर-घर जाकर कैरोल सिंगिंग
प्रभु यीशु मसीह के जन्म उत्सव क्रिसमस को लेकर गिरजाघरों में तैयारी शुरू हो गई है। बड़ा दिन और प्रभु यीशु के आगमन के पहले क्रिश्चन समाज प्रतिदिन शाम से देर रात तक बच्चे, महिला, युवा और बुजुर्गों की टोली घर-घर जाकर कैरोल सिंगिंग की प्रस्तुति दी जा रही है। जिसमें नृत्य और गीतों के माध्यम से प्रभु यीशु मसीह के वचन और प्रेम संदेश दिया जा रहा है। तुमगांव रोड स्थित सेंट पीटर्स चर्च से मिली जानकारी के अनुसार नृत्य, गीतों के माध्यम से प्रभु यीशु मसीह के आगमन की तैयारी के साथ प्रेम संदेश दिया जाता है। 25 दिसंबर को सुबह प्रभु यीशु का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। सुबह चर्च में वचन पढ़े जाएंगे और प्रार्थना होगी।
