आपकी पूंजी, आपका अधिकार जन-जागरूकता कार्यक्रम 19 को

अकाउंट धारकों को अनक्लेम्ड राशि वापस दिलाने हेतु रिजर्व बैंक की पहल
मोहला 17 दिसंबर 2025। रिजर्व बैंक द्वारा बीते कई वर्षों से बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों व अन्य वित्तीय योजनाओं में जमा अनक्लेम्ड राशि को उसके वास्तविक हकदारों या नामांकित व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला कार्यालय मोहला के कलेक्टोरेट में आपकी पूंजी, आपका अधिकार जन-जागरूकता कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय जागरूकता एवं सहायता शिविर का आयोजन 19 दिसंबर 2025 को आयोजित होगा।
इस विशेष शिविर में प्रमुख बैंक, विभिन्न बीमा कंपनियां, पेंशन संस्थान, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड सहित कई वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। वे नागरिकों को उनके अनक्लेम्ड डिपॉजिट बिना दावा किए वर्षों से जमा राशि बीमा दावों तथा अन्य वित्तीय दावों की जानकारी प्रदान करेंगे और उन्हें राशि प्राप्ति हेतु आवश्यक प्रक्रिया समझाएंगे।
– अनक्लेम्ड राशि को दिलाने जिला स्तरीय जागरूकता एवं सहायता शिविर
शिविर में आम नागरिकों के लिए समर्पित हेल्पडेस्क व सहायता काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे। इनमें लाभार्थियों को केवाईसी अपडेट, दावा पत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन तथा अन्य औपचारिकताओं में तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
इससे उन लोगों को विशेष लाभ होगा जिनके परिजनों के पुराने बैंक खाते, बीमा दावे, पेंशन राशि या अन्य जमा रकम वर्षों से बिना दावे के पड़ी हुई है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी जमा पूंजी का दावा प्रस्तुत करें और रिजर्व बैंक की इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ उठाएं।