आबकारी विभाग ने 4 प्रकरण में 55 लीटर हाथ भट्टी शराब और 557 किलो लाहन किया जब्त
महासमुंद। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब बनाने और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सरायपाली क्षेत्र में 10 और 11 दिसंबर को संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल चार प्रकरण दर्ज किए तथा 55 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब और 557 किलोग्राम लाहन जब्त किया है।
सरायपाली वृत्त के चारभाटा क्षेत्र में आरोपी मदन सिंह चौहान के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं 34(1)(क)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया। टीम ने मौके से 10 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब तथा 100 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। सरायपाली क्षेत्र में लगातार तीन कार्रवाईयाँ की गईं। पहले प्रकरण में ग्राम लखनपुर में आरोपी विपिन भाई के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर 15 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जप्त की गई।
इसी तरह दूसरे प्रकरण में ग्राम पलसापाली में दो अलग-अलग प्रकरणों में अवैध मदिरा निर्माण की सामग्री बरामद की है। पहले मामले में आरोपी सोनाबाई जोल्हे के कब्जे से 14 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब और 250 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। वहीं दूसरे मामले में आरोपी शांता बाई जोल्हे के विरुद्ध समान धाराओं के तहत प्रकरण कायम करते हुए 16 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब और 225 किलोग्राम लाहन बरामद किया गया। कार्रवाइयों में सरायपाली, सांकरा और पिथौरा की संयुक्त आबकारी टीम ने सहभागिता निभाई। इस दौरान विवेचक अधिकारी नीरज कुमार साहू के साथ मिर्ज़ा जफ़र बेग, हृदयकुमार तिरपुड़े और आबकारी स्टाफ शामिल रहे। आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण और परिवहन के खिलाफ अभियान सतत जारी रहेगा तथा ऐसे कार्यों में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
