साफ पानी की मांग को लेकर ग्रामीण पहुंचे कलेक्टोरेट
जेजेएम योजना की टंकी बनी न पाइपलाइन बिछाई कैसे मिलेगा शुद्ध पेयजल
महासमुंद। कलेक्टर जनदर्शन में जनपद क्षेत्र क्रमांक 10 के ग्रामीण जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी टंकियों के अधूरे काम को पूरा कराकर ग्रामवासियों को साफ पानी की मांग को लेकर जनदर्शन में पहुंचे थे।
ग्रामीणों ने बताया कि जनपद क्षेत्र क्रमांक 10 के ग्राम कौदकेरा, बनसिवनी, नवाडीह, सोरिद, चोरभटठी, कांपा, परसवानी, गोपालपुर, मुस्की, खट्टीडीह में कुछ गांवों को छोड़कर, अब तक न पानी टंकी निर्माण का काम पूरा हुआ है और ना ही पाइपलाइन विस्तारीकरण का काम पूरा हो पाया है, कुछ गांव में पानी टंकियों की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर शिकायत है साथ ही कई जगहों में टंकी को भरने के लिए अब तक बोर खनन तक नहीं हुआ है। ऐसे में केन्द्र सरकार की महती योजना का लाभ दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचल के साथ क्षेत्र के ग्रामों को नहीं मिल पा रहा है, जिससे गंभीर पेयजल संकट की स्थिति निर्मित हो जाती है। ग्रामीणों ने ग्रीष्मकाल पूर्व गुणवत्तापूर्ण कार्य समय-सीमा में पूरा करा कर हर घर तक साफ पानी पहुंचाना सुनिश्चित कराने व लापरवाह ठेकेदारों पर कठोर कार्रवाई कर अन्य ठेकेदार के माध्यम से काम को पूरा कराने की मांग की है।
हाईस्कूल निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग
ग्राम सोरिद के ग्रामीण गांव में हाईस्कूल निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर जनदर्शन पहुंचे। ग्रामीण मनहरण यादव, कमलेश चंद्राकर, लच्छन यादव,गणेशराम व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सोरिद आदिवासी कमार बाहुल्य ग्राम है एवं आस-पास के वन ग्रामों में से प्रमुख है। यहाँ पिछले 4 वर्षों से हाई स्कूल खोले जाने हेतु राशि की स्वीकृति होने के बाद भी आज तक स्कूल निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है जिससे पंचायत भवन में हाईस्कूल संचालित कराया जा रहा है। 4 बार टेंडर उपरांत कार्य प्रारंभ न होने से टेंडर निरस्त हो चुके और बजट बढ़ता जा रहा है। बहुत से कमार व आदिवासी बच्चे-बच्चियां स्कूल पढ़ाई छोड़ दी है। ग्रामीणों ने हाईस्कूल भवन निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है।
गर्मी में कोडार से पानी देने की मांग
ग्राम कौंदकेरा, नवाडीह, सोरिद, चोरभट्टी, कांपा परसवानी के ग्रामीणों ने आज कलेक्टर जनदर्शन में कोडार बांध से ग्रीष्मकाल में धान फसल की सिंचाई के लिए पानी मांग की। उन्होंने बताया कि कोडार जलाशय में वर्तमान में पर्याप्त पानी उपलब्ध है रोटेशन सिंचाई व्यवस्था के तहत इस वर्ष बाएं तट के किसानों को पानी देने का प्रावधान है। चूंकि इस समय मुख्य नहर, सहायक नहर एवं कुछ वितरक नहरों में लाइनिंग कार्य होना बताया जा रहा है। लेकिन इस वर्ष किसानों को काफी क्षति हुई है और रोटेशन पद्धति के अनुसार बाएं तट के किसानों को पानी दिया जाना है। इसलिए बाएं तट की लाइनिंग कार्य अगले वर्ष के लिए प्रस्तावित कर इस वर्ष बार्इं तट के किसानों को सिंचाई हेतु पानी प्रदाय किया जाए, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।
