शरारती तत्वों ने धान फसल में लगाई आग

महासमुंद। पिथौरा ब्लॉक के जंघोरा में अज्ञात ने 5 एकड़ की धान फसल में आग लगा दी। घटना रविवार सुबह 11 बजे की है। मिली जानकारी के मुताबिक जंघोरा खार में धान की फसल से अचानक आग की लपटें तेज हुई, तो लोग दौड़े। देखते ही देखते लपटें दूसरे खेत में फैल गई। किसानों ने आनन- फानन में स्पेयर से आग बुझाने की कोशिश की। ट्यूबवेल से भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन बिजली गुल होने से पानी नहीं मिला, फायर ब्रिगेड को सूचना दी। वाहन के पहुंचने तक 5 एकड़ का धान राख हो गया। दिनदहाड़े आग लगाकर बदमाश फरार हो गए। परसापाली के किसान सुकालूराम ध्रुव ने बताया कि 100 बीड़ा धान खेत में था। रविवार को ले जाने की तैयारी थी। घटना में लक्ष्मीबाई ध्रुव, गिरवर, लाल सिंह, नारद ध्रुव, भगतराम ध्रुव, सतीश ध्रुव, जगसिंग ध्रुव, और सुकालुराम ध्रुव की फसलों को नुकसान हुआ। आगजनी की सूचना के बाद भी राजस्व टीम नुकसान का सर्वे करने नहीं पहुंची है। किसान भगतराम ध्रुव, सुकालूराम ध्रुव ने बताया कि उन्हें 2 लाख रुपए से ज्यादा का अधिक का नुकसान हुआ है, मुआवजा चाहिए।