आपका पूंजी आपका अधिकार कैंप का सफल आयोजन
कोरिया 28 नवम्बर 2025। विशेष कैंप ‘आपका पूंजी, आपका अधिकार‘ का सफल आयोजन जिला पंचायत मंथन कक्ष में किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य उन खाताधारकों को उनकी पुरानी, निष्क्रिय और बंद पड़े खातों की राशि वापस दिलाना था, जो भारतीय रिज़र्व बैंक के डिपॉजिटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस फंड (डीईएफ) खाते में चली गई है। कार्यशाला में जिले के बैंक, बीमा कंपनियाँ और अन्य वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने खाताधारकों के जमा की गई राशि वापस पाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही हितग्राहियों को उनकी राशि वापसी के लिए जरूरी दस्तावेज़ और दावा प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। भारतीय रिज़र्व बैंक से पिछले 2 माह में जिले के 147 खातों के 2.02 करोड़ रुपए की वापसी हुई है, जिसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के 33 खातों से 1.34 करोड़, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के 13 खातों से 52 लाख, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के 101 खातों से 16 लाख की राशि शामिल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सम्पूर्ण डेफ खताओं से लगभग 7 करोड़ की वापसी होना है। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि पात्र हितग्राही की पूंजी वापस लाने की जिम्मेदारी बैंक की है और जिला प्रशासन इस कार्य में पूर्ण सहयोग करेगी। सभी बैंक, जिले के पिछड़े क्षेत्र के लोगों को विश्वास दिलाए कि उनका पैसा मिल जाएगा और लोगों में जनजागरुकता फैलाए, साथ ही नए-नए योजनाओं के बारे में उन्हें अवगत कराएं। अमेन्द्र कुमार गुप्ता उप महा प्रवंधक भारतीय रिज़र्व बैंक, ने कहा कि यह अभियान आर्थिक जागरूकता बढ़ाने तथा नागरिकों को उनके वित्तीय अधिकारों के प्रति सजग करने का बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने बताया कि कई लोग अपनी जमा पूंजी के बारे में जानकारी खो देते हैं, जिससे उनकी राशि रिज़र्व बैंक में चली जाती है, जिसे अब यह अभियान वापस लाने में मदद कर रहा है। यह अभियान 1 अक्टूबर से शुरू होकर 31 दिसंबर तक जारी रहेगा और जिले की सभी बैंक शाखाएँ, बीमा कंपनियाँ तथा वित्तीय संस्थान इसमें सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। जिलावासी अपनी आवश्यक दस्तावेजों के साथ इस अभियान का लाभ उठाकर अपनी खोई पूंजी को वापस पा सकते हैं। कार्यशाला के दौरान 10 खाता धारकों को लगभग 35 लाख वापसी होने पर प्रशस्ति पत्र दिया साथ ही ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकारश्‘ पुस्तक का विमोचन किया गया। इस कार्यशाला में श्री सदानंद बास्के एल.डी.ओ. भारतीय रिज़र्व बैंक, शशिभूषण पाठक अग्रणीय प्रबंधक कोरिया, क्षेत्रीय प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक, क्षेत्रीय प्रबंधक छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, शशि भूषण पाठक, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला कोषागार पदाधिकारी कोरिया, सभी बैंको के शाखा प्रबंधक एवं विभागीय कर्मचारी शामिल रहें।
