जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी समस्याएं

कोंडागांव, 25 नवंबर 2025। साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला मुख्यालय के सभाकक्ष में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रस्तुत कीं। जनदर्शन में ग्राम बड़ेउसरी निवासी संतु राम कोर्राम एवं कोकोड़ी निवासी संतोष कुमार लंगुरिया, सियाराम यादव, चंदरूराम यादव ने वन अधिकार पत्र की मांग की, ग्राम आंवराभाटा निवासी पुनीतराम नेताम ने नवीन आंगनबाड़ी भवन की मांग की, डोगरीगुड़ा निवासी हिरऊराम सलाम ने प्रधानमंत्री आवास की मांग की। इसके अलावा राजस्व प्रकरण, आंनगबाड़ी केन्द्र, मोबाईल नेटवर्क सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।