कानून व्यवस्था व एनकार्ड समिति की बैठक,अवैध धान परिवहन पर होगी सतत निगरानी
कोरिया 11 नवम्बर 2025। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा एवं आगामी कार्ययोजना तय करने हेतु आज नार्काे को-आर्डिनेशन सेंटर (एनकार्ड) मकैनिजम के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक तथा जिले में कानून व्यवस्था पर भी कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने बैठक में कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर चल रही नशा विरोधी गतिविधियों की नियमित समीक्षा कर प्रभावी और ठोस कार्यवाही सुनिश्चित करे। उन्होंने ड्रग्स नियंत्रण और मेडिकल स्टोरों की निगरानी मजबूत करने के निर्देश देते हुए प्रतिबंधित दवाइयों तथा सिरप की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।
कलेक्टर ने विद्यालयों, महाविद्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नशा मुक्ति संदेश वाले पोस्टर, जागरूकता रैली और परामर्श कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना प्रभारियों को लगातार पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे ने संयुक्त रूप से जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि अन्य जिले व राज्यों से आने वाले लोगों की जानकारी रखी जाए। उन्हें कोटवार, ग्राम सचिव से सतत सम्पर्क कर फेरीवाले, साड़ी, बर्तन, प्लास्टिक के समान आदि बेचने वालों की ‘मुसाफिर रजिस्टर‘ में समुचित जानकारी दर्ज करने के निर्देश भी दिए।
