पथ संचलन में लोगों ने किया स्वागत

महासमुंद। नेताजी सुभाष चंद्र बोस बस्ती में विजयादशमी का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। सर्वप्रथम स्वयंसेवकों ने पथ संचलन किया। इस दौरान नागरिकों ने जगह जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया। इसमें ध्वज वाहक विपिन शर्मा, अग्रेसर गुलशन साहू रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के तहत जिला मुख्यालय को 10 बस्ती में बांटा गया है। संचलन कार्यक्रम स्थल रावण भांठा मैदान में लौटा। तत्पश्चात द्वितीय चरण के कार्यक्रम में अध्यक्षता नाड़ी विशेषज्ञ डॉ शेषनारायण गुप्ता व मुख्य वक्ता सत्येंद्र सेंगर (प्रांताध्यक्ष संस्कृत भारती) थे, जिन्होंने मां दुर्गा व भगवान श्री राम के समक्ष शस्त्र पूजन किया। मंचासीन अध्यक्ष डॉ. शेष नारायण गुप्ता ने संघ के इतिहास पर प्रकाश डाला तथा संघ द्वारा चलाए जा रहे सेवा कार्य की सराहना की। साथ ही समाज को संघ में समाहित होने कहा। तत्पश्चात मुख्य वक्ता सत्येंद्र सेंगर ने संघ की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला तथा संघ के उद्देश्य व रीति-नीति से अवगत कराया। कार्यक्रम में बस्ती के उत्सव प्रभारी प्रकाश टंडन, बस्ती प्रमुख आकाश प्रजापति उपस्थित थे।