सेवा पखवाड़ा एवं अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम सम्पन्न

वरिष्ठजन समाज की धरोहर, गरियाबंद में 200 से अधिक बुजुर्गों का हुआ सम्मान
गरियाबंद 01 अक्टूबर 2025/ सेवा पखवाड़ा एवं अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आज वन विभाग स्थित एक्शन हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 200 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। वृद्धजन को शॉल-श्रीफल और उपकरण वितरित कर सम्मानित किया गया। इस पर बुजुर्गों ने प्रसन्नता जताई।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव, कलेक्टर बी.एस. उईके रहे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेनन, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक डी पी ठाकुर, पार्षद सूरज सिन्हा, सुरेंद्र सोनटेके, रेणुका साहू, रामगुलाल सिन्हा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव ने कहा कि ग्रामीण जीवन में पहले बड़े-बुजुर्ग ही प्रकरणों का निराकरण कर देते थे, पर अब छोटी-छोटी बातों में भी न्यायालय का सहारा लिया जाता है। वरिष्ठजनों का अनुभव और आशीर्वाद समाज को सही दिशा देने की ताकत रखता है। कलेक्टर बी.एस. उईके ने कहा कि कालचक्र अपनी पुनरावृत्ति करता है, प्रकृति अपने स्वरूप में लौटती है। आज नई पीढ़ी को अपने परिवार की जड़ों और वटवृक्ष समान वृद्धजनों को समझना होगा तभी समाज सकारात्मक दिशा में अग्रसर होगा। वरिष्ठजनों के अनुभव ही सफलता की कुंजी हैं।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने विभाग द्वारा संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इनमें रामलाल दर्शन योजना, सियान जतन योजना, वय वंदना योजना, वृद्धा पेंशन योजना, सहायक उपकरण वितरण सहित अन्य योजनाओं का विवरण साझा किया गया। कार्यक्रम में आए सभी वरिष्ठ नागरिकों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही गोविंद ध्रुव, हरिराम ध्रुव, ठाकुर राम, कृपाराम, श्यामा बाई, वंदेश्वरी ध्रुव को छड़ी प्रदान की गई। वहीं पतीराम जगत, लगती बाई यादव, ठाकुर राम जगत, अमरावती पटेल, लेखनी यादव, रामकुमार बघेल, बुधराम साहू, प्रभु राम साहू, धनीराम सिन्हा को श्रवण यंत्र वितरित किए गए।