मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी सदन का किया वर्चुअली लोकार्पण

सेमरताल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू
बिलासपुर, 23 सितम्बर 2025/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज धमतरी जिले के मगरलोड विकासखण्ड के करेली बड़ी गांव से बिलासपुर सहित प्रदेश के 51 महतारी सदनों का लोकार्पण किया। जिले के विकासखण्ड बिल्हा के सेमरताल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू शामिल हुए। यहां सभी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को वर्चुअली सुना। जिले में सेमरताल, लगरा, लखराम एवं सागर में बन चुके महतारी सदन का भी लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललीता संतोष कश्यप, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अम्बिका साहू, तखतपुर जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधवी संतोष वस्त्रकार, बिल्हा जनपद अध्यक्ष रामकुमार कौशिक, मोहित जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समूह की दीदियां एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान शुरू की गई महतारी सदन योजना को प्रदेश की माता और बहनों की तरक्की के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को महिला केंद्रित विकास का मॉडल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। महतारी सदन शिक्षा, कौशल और उद्यमिता के द्वार खोलेंगे। उन्होंने कहा कि इन सदनों में महिला स्व सहायता समूह को जोड़कर आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। सेमरताल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि यह पहल गांव की माताओं और बहनों को आत्मनिर्भर और स्वालंबी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारी शक्ति के संकल्प को साकार करने हेतु मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की यह योजना प्रशंसनीय है। इससे महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त होंगी बल्कि समाज में उनकी भागीदारी और नेतृत्व भी सुदृढ़ होगा। हमारे शास्त्रों में भी कहा गया है कि ‘‘यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवता’’। हमारी सरकार भी इसे आधार बनाकर लगातार महिला सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि महतारी सदन का अपना महत्व है। यह न केवल ईमारत नहीं है बल्कि महिलाओं की जागृति का केंद्र बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार काम कर रहे है। सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि जिले में 19 महतारी सदन स्वीकृत किये गये है, जिनमें से 4 महतारी सदन पूर्ण कर लिए गए है। महतारी सदन में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय भी तैयार किया जा रहा है। यह महतारी सदन महिलाओं के आजीविका केंद्र के रूप में विकसित होगा।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री –
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सेमरताल में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.