नपाध्यक्ष निखिलकांत ने लोगों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
महासमुंद। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा एंव रजत जयंती 2025-26 स्वच्छता सप्ताह अंतर्गत रविवार को नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में आम नागरिकों व पालिका के अधिकारी–कर्मचारियों ने मोती बाल उद्यान में स्वच्छता अभियान चलाते हुए साफ-सफाई कर उद्यान में वृक्षारोपण किया। नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने उपस्थित समस्तजनों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
छत्तीसगढ़ शासन से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुरूप योजना स्वच्छ भारत मिशन – शहरी 2.0 के अंतर्गत राज्य के अन्य सभी नगरीय निकायों के साथ-साथ नगर पालिका परिषद महासमुंद क्षेत्र में भी स्वच्छता ही सेवा अभियान -2025 चल रहा है। नगर के नेहरू चौक स्थित मोती बाल उद्यान में आयोजित स्वच्छता ही सेवा अभियान कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने हाथ में झाड़ू लेकर सफाई कार्य किया। तत्पश्चात, उद्यान में पौधारोपण किया।
अध्यक्ष ने दिलाई स्वच्छता का शपथ
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने उपस्थित समस्तजनों को स्वच्छता शपथ दिलाई। उपस्थितजनों ने स्वच्छता शपथ ग्रहण करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने जिस भारत का सपना देखा था। उसमें सिर्फ राजनीतिक आजादी नहीं थी, बल्कि एक स्वच्छ एवं विकसित देश की कल्पना भी थी। महात्मा गांधी ने गुलामी की जंजीरों को तोड़कर मां भारती को आजाद कराया। अब हमारा कर्तव्य है कि गंदगी को दूर कर भारत माता की सेवा करें।
उपस्थित नागरिकों ने शपथ लेते हुए कहा कि हम स्वच्छता के प्रति सजग रहेंगे और उसके लिए समय देंगे। हर वर्ष 100 घंटे यानी हर सप्ताह में 02 घंटे श्रमदान कर स्वच्छता के इस संकल्पना को चरितार्थ करेंगे। हम न गंदगी करेंगे, न किसी और को करने देंगे। सबसे पहले हम स्वयं से, अपने परिवार से, अपने मोहल्ले से, अपने गांव से एवं कार्य स्थल से शुरूआत करेंगे। हम यह मानते हैं कि दुनिया के जो भी देश स्वच्छ दिखते हैं, उसका कारण यह है कि वहां के नागरिक गंदगी नहीं करते और न ही होने देते हैं। इस विचार के साथ हम गांव-गांव और गली-गली स्वच्छ भारत मिशन का प्रचार करेंगे। हम आज जो शपथ ले रहे हैं, वह अन्य 100 व्यक्तियों से भी कराएंगे वे भी हमारी तरह स्वच्छता के लिए 100 घंटे दें। इसके लिए प्रयास करेंगे। हमें मालूम है कि स्वच्छता की तरफ बढ़ाया गया। मेरा एक कदम पूरे भारत देश को स्वच्छ बनाने में मदद करेगा। इस प्रभारी अवसर पर स्वच्छता निरीक्षक दिलीप चन्द्राकर, स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी नौशाद बक्श, सुपरवाइजर रमा महानंद, टिकेश्वरी मिरी, हेमलता शर्मा, प्रिया दुबे, जीतू सोनी, मोहनदास मानिकपुरी, अजय घृतहरे, अजय प्रधान, परमेश्वर निर्मलकर, कार्तिक यादव, प्रकाश सोनवानी, नीलम कुलदीप, माधव यादव सहित बड़ी संख्या में स्वच्छ भारत मिशन के सफाई मित्र आदि उपस्थित थे।
