नाली निर्माण की बात पर सरपंच से मारपीट
महासमुंद। सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम बिरकोनी के वार्ड नंबर 2 साहूपारा में नाली निर्माण की बात को लेकर सरपंच से मारपीट के मामले में अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक बिरकोनी सरपंच चंदन कुमार चंद्राकर ने बताया कि पंचायत के वार्ड नंबर 2 में सीसी रोड निर्माण हुआ है। पानी निकासी के लिये सीसी रोड के किनारे नाली का निर्माण विगत 3 दिनों से चल रहा है। गांव के भेखलाल साहू, जागेश्वर साहू एवं गीता साहू द्वारा नाली निर्माण नहीं करने दिया जा रहा था। उन्हें विगत 3 दिनों से उन्होंने, वार्ड-02 के पंच व अन्य पंचों ने समझाया लेकिन वे लोग नहीं मान रहे थे। 16 सितंबर को मजदूरों ने नाली निर्माण शुरू किया, तो उक्त तीनों नाली निर्माण करने से मना कर गैंती, फावड़ा छीन रहे थे। इसकी सूचना वार्ड-02 के पंच पवन साहू ने उन्हें दी।
वे करीब 4 बजे पंच गिरीश चंद्राकर, दीप कुमार चंद्राकर, भागवत पटेल, महावीर निषाद, महेंद्र यादव, फागूलाल साहू, तुकेश साहू, हेमराज चंद्राकर के साथ पवन साहू के घर के पास गया, वहां भीड़ लगी थी। इस दौरान फिर भेखलाल साहू, जागेश्वर साहू तथा गीता साहू को समझाया गया कि नाली निर्माण होने दो। लेकिन, वे लोग कहने लगे कि नाली निर्माण हमारे घर के सामने नहीं होगा, जो करना है कर लो। बाद वे लोग आक्रोशित होकर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने लगे। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
