अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कलेक्टोरेट पहुंचीं महिलाएं
महासमुंद। जिले में अवैध शराब की बिक्री लगातार जारी है। इस पर अंकुश लगाने जिम्मेदार अधिकारी नाकाम साबित हो रहे हैं। अवैध शराब बिक्री को लेकर महिलाएं आएदिन प्रदर्शन कर रही हैं। मंगलवार को बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम लमकेनी की महिलाओं ने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
समाज सेवी संस्था सदस्य देवंतीन ठाकुर के नेतृत्व में ग्राम लमकेनी की महिलाएं कलेक्टोरेट पहुंचीं। महिलाओं ने कहा कि गांव में कुछ लोग अवैध शराब की बिक्री कर रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि अवैध बिक्री की वजह से पुरुष अधिक मात्रा में शराब का सेवन कर रहे हैं, जिससे महिलाओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी जाती है। अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई कर गांव में शांति बहाल की जाए।
सड़क व नाली पर अवैध कब्जा, हटाने की मांग
जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बढ़ईपाली में सड़क व नाली से अवैध कब्जा हटाने की मांग महिलाओं ने कलेक्टर से की है। जनदर्शन के दौरान कलेक्टर कार्यालय में एकत्रित ग्रामीण महिलाओं ने आवेदन कर इस गंभीर मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई की मांग की। ग्राम पंचायत बढ़ईपाली निवासी चैतीबाई, शांतिलता, ताराबती, कुमारी, हेमलता, पिंकीबाई, अहिल्या, डिगेश्वरी ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों द्वारा रोड एवं नाली पर बेजा कब्जा किया जा रहा है। इस संबंध में सचिव और सरपंच ने बैठक लेकर बेजा कब्जा हटाने मौखिक रूप से कहा था, किंतु उक्त लोगों द्वारा मनमानी करते हुए सड़क व नाली पर मकान बनाकर कब्जा किया जा रहा है।
