अवैध तरीके से संचालित उद्योग पर कार्रवाई करने की मांग
महासमुंद। खैरझिटी में संचालित करणी कृपा पाॅवर प्लांट पर कार्रवाई करने लिए छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर जनदर्शन में एक बार फिर गुहार लगाई। इस मामले में कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा का आरोप है, गैर औद्योगिक क्षेत्र में करणी कृपा स्टील एवं पावर प्राइवेट लिमिटेड अपने संयंत्र परिसर में अवैध तरीके से मिनी स्टील प्लांट, स्पंज आयरन प्लांट, पावर प्लांट व फेरो एलाइंस के माध्यम से अवैध निर्माण प्रारंभ किया है। इसका लगातार विरोध किया जा रहा है। इसी क्रम में मोर्चा के सत्याग्रही किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर जनदर्शन में किसानों को राहत दिलाने की गुहार लगाई। सत्याग्रह आंदोलनकारी प्रभारी अशोक कश्यप ने बताया कि, किसानों की गुहार पर कलेक्टर ने सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया है। कहा है, इस पूरे मामले की वस्तु स्थिति समझने के लिए टीम गठित कर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में उन्होंने नायब तहसीलदार तुमगांव तृप्ति चंद्राकर को 23 सितंबर के पूर्व कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है। जनदर्शन पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में नाथूराम सिन्हा, बृजबिहारी साहू, देवनारायण साहू, राधा बाई सिन्हा व श्याम बाई ध्रुव समेत अन्य शामिल थे।