आंगनबाड़ी के बच्चों को परोसे जा रहे भोजन से दाल गायब
जपं उपाध्यक्ष ने कहा लापरवाही बर्दाश्त नहीं
महासमुंद। बेलसोंडा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने बताया कि शनिवार को उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की जांच की, जिसमें महत्वपूर्ण पोषक तत्व, दाल गायब पाया। उन्होंने सरकार द्वारा बच्चों के पोषण के लिए पर्याप्त मात्रा में सामग्री उपलब्ध कराने के बावजूद, इस तरह की लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का उद्देश्य बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाना है, लेकिन कुछ लापरवाह कर्मचारियों की वजह से इन योजनाओं पर पानी फिर रहा है।
श्रीमती चंद्राकर ने बताया कि इस संबंध में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से जवाब मांगा, तो उन्होंने गोलमोल बातें करते हुए कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। इस पर उन्होंने कार्यकर्ता को फटकार लगाई और साफ शब्दों में कहा कि इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। श्रीमती चंद्राकर ने आगे कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है और भविष्य में इस तरह की घटना न हो, इसके लिए सभी केंद्रों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। यह घटना एक बार फिर से पोषण आहार वितरण प्रणाली में व्याप्त अनियमितताओं को उजागर करती है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।
