न्यायधीश ने नालसा हेल्प लाइन व पोर्टल पर दिए जाने वाले विधिक सलाह का अधिक प्रचार के दिए निर्देश

महासमुंद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद के सभाकक्ष में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आनंद बोरकर, प्राधिकरण की सचिव आफरीन बानो की उपस्थिति पर अधिकार मित्रों की बैठक ली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महासमुंद के प्रबंध कार्यालय के अधिकार मित्र हरिचंद साहू ने बताया कि नालसा एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर द्वारा न्याय से कोई वंचित ना हो, न्याय हर घर तक पहुंच तथा न्याय जागरूकता, सूचना और पारदर्शिता पहल कर समाज के कमजोर वर्गों को कानूनी जानकारी अथवा उन्हें सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है, जो विभिन्न थीम पर अधारित जागरूकता योजनाओं से संबंधित है।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया ने बैठक में उपस्थित प्रबंध कार्यालय, सखी वन स्टाप सेंटर एवं लीगल एड क्लिीनिक ग्राम पंचायत में पदस्थ एवं जिले के आरक्षी केंद्रों में पदस्थ अधिकार मित्रों से उनके द्वारा किए जाने वाले विधिक जागरुकता गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। स्टेट प्लान आफ एक्शन के तहत माह अगस्त में सभी पैरालिगल वॉलेटिंयर अर्थात अधिकर मित्रों की मासिक कार्यशाला व प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करना निर्धारित है। नालसा एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के बारे में किए जा रहे विधिक जागरूकता अभियान व कार्यक्रमों संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई। नालसा हेल्प लाईन एवं नालसा पोर्टल पर दिए जाने वाले विधिक सलाह के बारे में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जनचेतना, नेशनल लोक अदालत में सुलह समझौते के आधार पर किए जाने वाले प्रकरणों के बारे में जन-जागरूकता, हमर अंगना, वृद्धजनों के लिए करूणा अभियान, बेसहारा बच्चों के लिए अभियान आसरा सहित नालसा द्वारा चलाए जा रहे अभियानों तथा आमतौर पर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक करने संबंधी चर्चा करते हुए उपस्थित अधिकार मित्रों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर लीगल एड कौंसिल के अधिवक्तागण उपस्थित थे।