राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण
दंतेवाड़ा, 18 अगस्त 2024। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार जिला पंचायत में विगत दिवस राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आगामी मौसम में मलेरिया, डेंगू एवं जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम, शीघ्र पहचान एवं प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना था।
ज्ञात हो कि इस संबंध में कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा रायपुर एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों से विशेष तौर पर संपर्क कर उन्हें राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण हेतु प्रशिक्षण सत्र में आमंत्रित किया था। इस प्रशिक्षण सत्र में जिले के सभी चिकित्सा अधिकारी एवं ग्रामीण चिकित्सा सहायक शामिल हुए थे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों में से एक विशेषज्ञ शिशु रोग रायपुर एम्स प्रोफेसर डॉ अतुल जिंदल सहायक प्रोफेसर मेडिसिन विभाग रायपुर एम्स डॉ. सबाह सिद्दीकी एवं राज्य सलाहकार डॉ चिन्मय दास द्वारा प्रतिभागियों को रोगों के लक्षण, समय पर जांच, दवाओं का सही उपयोग, गंभीर मरीजों के त्वरित रेफरल की प्रक्रिया तथा जन जागरूकता की विधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय रामटेके ने कहा कि जिले के “गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना हमारी प्राथमिकता है। इस प्रकार चिकित्सा अधिकारियों एवं ग्रामीण चिकित्सा सहायकों की सक्रिय भूमिका से समय पर उपचार उपलब्ध होगा और मलेरिया, डेंगू व जेई जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। ”प्रशिक्षण में रोग नियंत्रण हेतु नवीनतम दिशा-निर्देश, घर-घर सर्वे, मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के उपाय, एवं सामुदायिक भागीदारी की महत्ता पर भी विशेष बल दिया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला मलेरिया विभाग के जिला मलेरिया अधिकारी डॉ देश दीपक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
