शंकर नगर में कमर छठ एवं जन्माष्टमी का हुआ भव्य आयोजन
महासमुंद। शंकर नगर वार्ड नंबर 1 स्थित कुंदकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शनिवार को परंपरागत कमर छठ पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मातृशक्ति ने संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए विधि-विधान से व्रत रखकर भगवान शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना की। मंदिर प्रांगण में ‘सगरी’ का निर्माण कर दूध, दही, लाई, पुष्प एवं अक्षत अर्पित किए गए। इसके उपरांत महिलाओं ने कथा-श्रवण कर सामूहिक रूप से प्रसाद स्वरूप पसहर चावल एवं छह प्रकार की भाजी का सेवन किया। इस अवसर पर विशेष रूप से भैंस के दूध, दही एवं घी का प्रयोग किया गया।
इसी क्रम में शनिवार को मंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। बच्चों द्वारा आयोजित पारंपरिक मटका-फोड़ प्रतियोगिता में इशिका यादव, प्रेम साहू और लव्य यादव विजयी रहे, जिन्हें पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा बच्चों द्वारा प्रस्तुत नयनाभिराम कृष्ण-राधा की झांकी, जिसमें शौर्य दीप सोनी, आरव साहू, श्री त्रिपाठी, अंश साहू, पीहू पुरोहित, रूद्रांश साहू और अबीर ने मनमोहक प्रस्तुति दी।
महिलाओं ने यशोदा मैया का रूप धरकर नृत्य प्रस्तुत किया और पूरे मंडप को कृष्ण भक्ति में सराबोर कर दिया। वहीं, श्रीमती किरण पवार द्वारा प्रस्तुत मधुर कृष्ण भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर का सफल आयोजन श्रीमती सरला सोनी, विनोदिनी पुरोहित एवं कुमारी सेन के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे और धार्मिक उत्सव का आनंद उठाया।
