शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा, प्रशासन का चला बुलडोजर

महासमुंद। ग्राम पंचायत खैरा की ग्राम सभा के प्रस्ताव पर सोमवार को शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई। तहसीलदार जुगल पटेल व मोहित अमिला के नेतृत्व में यह कार्रवाई सरपंच प्रांशु चंद्राकर, राजस्व विभाग ,पंचगण व ग्रामवासियों की उपस्थिति में हुई। तहसीलदार ने बताया कि गांव के कुछ व्यक्तियों ने द्वारा आंगनबाड़ी मैदान, तालाब पार, गौठान, (बड़े झाड़़ के जंगल) और अन्य शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान निर्माण कर अतिक्रमण किया जा रहा था, जिस पर ग्राम पंचायत द्वारा तीन-तीन बार नोटिस दिया गया। बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। अत: उक्त भूमि से प्रशासन द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया गया। इस कार्रवाई में सरपंच, पंचगण, हल्का पटवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। तहसीलदार पटेल ने इस दौरान ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि ग्राम पंचायत के मंशानुरूप अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। भविष्य में भी कार्रवाई जारी रहेगी। शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण व अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।