सर्व आदिवासी समाज के भीखम सिंह ठाकुर पुनः चुने गए जिलाध्यक्ष

सामाजिक बैठक में लिए गए कई अहम फैसले
महासमुंद। सर्व आदिवासी समाज के तत्वाधान में प्रतिवर्ष की भांति 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव और कार्यकारिणी को लेकर बागबाहरा के विश्राम गृह में बैठक हुई। साथ ही इस बैठक में आदिवासी समाज के दो अलग-अलग संगठन का विलय किया गया।
बागबाहरा के विश्राम गृह में सर्व आदिवासी समाज के जिला कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक आहुत की गई थी। बैठक में आगामी 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव के जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजन के संबंध में तैयारी को लेकर चर्चा की गई। साथ ही समाज की बैठक में समाज के दो अलग-अलग संगठन में बंट होने पर भी चर्चा की गई। समाज के मुखियाओं की आपसी सामंजस्य स्थापित कर दोनों का एक संगठन में विलय हुआ तथा जिले के प्रतिनिधित्व व संचालन के लिए पुनः जिलाध्यक्ष का मनोनयन किया गया। सर्व सम्मति से उपस्थित समाज जनों द्वारा पुनः भीखम सिंह ठाकुर को सर्व आदिवासी समाज का जिलाध्यक्ष चुना गया। साथ ही थानसिंह दीवान को कार्यकारी जिलाध्यक्ष मनोनीत किए गए। बैठक में उपस्थित समाज जनों ने दोनों का अक्षत एवं पीले चांवल से टीका लगाकर सहर्ष बधाई एवं शुभकामनाएं दी। दोनों संगठनों के विलय पर क्षेत्र के समस्त सर्व आदिवासी समाज जनों में हर्ष व्याप्त है कहा जा रहा है कि अलगाव से समाज में पड़ रहे कुप्रभाव को दूर करने की जो परिकल्पना की जा रही थी आज वह अंततः समाज के प्रबुद्ध जनों की पहल से सफल हुई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि समाज जनों द्वारा जो दायित्व सौंपा गया है उसे पूर्व की भांति सत्यनिष्ठा एवं पूरी ईमानदारी और सभी के सहयोग से अपने कार्य के प्रति प्रतिबद्ध हूं। उन्होंने कहा कि सदैव समाज के विकास और उत्थान में निरंतर अपने सेवा कार्य जारी रहेगा। ज्ञात हो कि वर्तमान में भीखम सिंह ठाकुर समाज सेवा के साथ ही जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष पद पर अपनी सेवा दे रहे हैं। वहीं थानसिंह दीवान ने उपस्थित समाज जनों द्वारा उन्हें दिए गए नई जिम्मेदारी के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि समाज बड़ा है, समाज ही सर्वोपरि है। पहले समाज फिर बाद में कोई संगठन या राजनैतिक दल। उन्होंने कहा कि पूरी कर्तव्यनिष्ठता के साथ समाज के प्रत्येक गतिविधियों में कदम से कदम मिलाकर साथ चलने की बात कही। इस बैठक में तय किया गया कि किसी भी प्रकार का सामाजिक कार्यक्रम हो, शुरू से जिस तिथि में जहां प्रायोजित हो निश्चित ही उन्हीं स्थान पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सर्व आदिवासी समाज जिले में केवल एक है तथा सभी सामाजिक कार्यों में एकता और अखंडता प्रदर्शित होगी व समाज द्वारा किसी भी प्रकार के धरना,आंदोलन समाज के हक अधिकार की लड़ाई तथा सामाजिक कार्यक्रम एक ही बैनर तले किया जाएगा। सामाजिक एकीकरण और संगठन को मजबूत कर सभी कामों को मिलकर करने की बात कही गई। सर्व आदिवासी समाज जिला महासमुंद के पंजीयन क्रमांक 4230 संगठन को महासमुंद जिले में इसकी सक्रियता को सिरे से खारिज किया गया तथा भविष्य में सर्व आदिवासी समाज जिला महासमुंद में किसी भी अन्य पंजीकृत सामाजिक संस्था को समाज द्वारा स्वीकार और समर्थन नहीं करने की बात कही गई जिसे उपस्थित सभी समाज जनों ने स्वीकार करते हुए अपनी सहमति जताई व आगामी 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस महोत्सव के आयोजन को बड़े ही भव्य और धूम धाम से मनाने में पूर्ण तैयारी में सहयोग प्रदान करने व अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने की अपील की गई है।
सर्व आदिवासी समाज के बैठक में जिलाध्यक्ष, कार्यकारी जिलाध्यक्ष, आदिवासी ध्रुव गोंड समाज 52 गढ़ जिला महासमुंद के जिलाध्यक्ष मनराखन ठाकुर सहित जिले भर के समाज प्रमुख,वरिष्ठ समाज सेवी, जिले एवं ब्लॉक पदाधिकारीगण, राज एवं सर्कल अध्यक्ष गण,शासकीय अनुसूचित जनजाति अधिकारी कर्मचारी गण, महिला एवं युवा प्रभाग के समस्त पदाधिकारी गण सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता गण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।