काव्य संग्रह, लेख से समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं साहित्यकार : निखिलकांत
काव्यांश के स्नेह सम्मेलन में शामिल हुए पालिका अध्यक्ष
महासमुंद। काव्यांश साहित्य एवं कला पथक संस्थान द्वारा संस्था के स्थापना दिवस के पूर्व संध्या पर आयोजित साहित्यिक स्नेह सम्मेलन में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू बताैर मुख्य अतिथि शामिल हुए। अध्यक्षता भागवत जगत भूमिल ने की। विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रलय थिटे, श्रीमती एस. चंद्रसेन, डाॅ. साधना कसार उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रसिद्ध कवयित्री श्रीमती द्रोपती साहू ‘सरसीज’ द्वारा रचित पुस्तक ‘दस्तक’ नपाध्यक्ष को भेंट किया गया। साथ ही संस्थान द्वारा नपाध्यक्ष को काव्यांश युवा सृजन सम्मान-2025 के तहत मामेंटों प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि साहित्यकार राष्ट्र निर्माण के शिल्पी होते हैं, वह अपने साहित्यिक ओज से राष्ट्र को प्रकाशित कर सकते हैं। यह आयोजन साहित्य की शक्ति और रचनात्मकता को प्रेरित करने का बेहतर माध्यम है। काव्यांश कला पथक संस्थान साहित्यकारों के लिए बेहतर मंच साबित हो रहा है। साहित्यकार अपने काव्य संग्रह, लेख के माध्यम से समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण काव्यांश साहित्य एवं कलापथक संस्थान के अध्यक्ष भागवत जगत भूमिल ने दिया तथा आभार प्रदर्शन उमेश भारती गोस्वामी ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से महासचिव जयराम पटेल, कोषाध्यक्ष डी. बसंत साव, सुरेन्द्र मानिकपुरी, बी आर साहू सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
