भाजपा सरकार जनता को लूटने के तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं: डॉ. रश्मि
वर्तमान साय सरकार के डेढ़ साल में बिजली में 13 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई
महासमुंद। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि भाजपा सरकार बिजली उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली नहीं दे रही, केवल लूटने का काम कर रही है।
घरेलू खपत पर 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। जबकि, गैर घरेलू बिजली की दर 25 पैसे प्रति यूनिट महंगी कर दी गई है। बिजली उपभोक्ताओं को एक बार फिर लूटने का काम भाजपा सरकार ने किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सर्वाधिक बढ़ोतरी कृषि पंप के बिजली के दाम में 50 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि कर दी गई है। छत्तीसगढ़ के किसान इस सरकार की दुर्भावना और उपेक्षा के चलते पहले ही खाद, बीज और बिजली कटौती से परेशान हैं। अब कृषि पंप में बिजली की दर बढ़ाकर किसानों की कमर तोड़ रही है भाजपा सरकार। जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि ने कहा कि इतिहास गवाह है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में जनता को लूटने के तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाते हैं। वर्ष 2003 से 2018 तक भाजपा की पूर्ववर्ती रमन सरकार ने हर साल बिजली के दामों में वृद्धि की। 2003 में छत्तीसगढ़ में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 3.30 रुपये दर पर बिजली मिला करती थी, जिसे 15 साल के कुशासन के बाद रमनसिंह के समय ही 6.40 रुपये तक बढ़ाया गया, जिसे चुनावी वर्ष 2018 में मात्र 20 पैसे घटकर 6.20 रुपये किया गया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार में पूरे पांच साल का नेट वृद्धि यदि देखें तो मात्र दो पैसे का था जो ऐतिहासिक तौर पर सबसे न्यूनतम था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पांच साल में कुल वृद्धि मात्र 02 रुपये या 2 पैसे अर्थात केवल 0.32 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई, वहीं भाजपा की वर्तमान साय सरकार के डेढ़ साल में कुल वृद्धि 80 पैसे अर्थात 13 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई है।
